

योग दिवस की तैयारियों में साधकों ने बनाई आकर्षक मानव योग आकृतियां, दिया एकता और स्वास्थ्य का संदेश
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व तैयारियों के तहत वेटेनरी कॉलेज ग्राउंड में योग गुरु दीपक शर्मा के नेतृत्व में योग साधकों के विशेष दल ने योग की विभिन्न मुद्राओं एवं समूह अभ्यास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान साधकों ने आकर्षक मानव योग आकृतियां बनाकर एकता, संतुलन और सामूहिक चेतना का संदेश दिया। योग साधकों द्वारा मानव श्रृंखला, बहु-भुजा योग संरचनाएं तथा रचनात्मक समूह योग प्रस्तुतियां प्रदर्शित की गईं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इन विशेष योग आकृतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज को आपसी सहयोग, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के सूत्र में भी जोड़ता है। योग गुरु दीपक शर्मा ने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि योग तनाव, चिंता और असंतुलित जीवनशैली से मुक्ति दिलाकर व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहित स्वामी, मोहित राजपुरोहित, वंशिता, महिमा स्वामी, जनक विश्नोई, अमित राजपुरोहित, दिव्यांशु पुरोहित एवं किशन व्यास ने सक्रिय भूमिका निभाई।
