

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए योग-ध्यान व प्राणायाम का आयोजन
बीकानेर। मानसिक रोग एवं नशा मुक्ति विभाग, पीबीएम अस्पताल तथा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम इकाई, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य माह एवं विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत दूसरे दिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग-ध्यान एवं प्राणायाम, परीक्षा तनाव प्रबंधन कार्यशाला तथा ई-रिक्शा जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन, मरीजों, परिजनों एवं विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें योग, ध्यान एवं प्राणायाम के माध्यम से तनाव कम करने तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए। विभागाध्यक्ष डॉ. गोपाल गोयल ने मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग, ध्यान एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग, पर्याप्त नींद, संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक जीवनशैली मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी यह गतिविधियां आगामी 15 दिनों तक नियमित रूप से जारी रहेंगी।
