

योग रखे, निरोग सप्ताह का शुभारंभ
बीकानेर। सार्दुलगंज स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में ‘योग रखे, निरोग’ सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केंद्र की क्षेत्रीय प्रभारी बी.के. कमल के सान्निध्य में किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को योग एवं ध्यान का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर बी.के. श्रीनाथ द्वारा योग और ध्यान का नियमित अभ्यास करवाया जाएगा, जिससे लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके। क्षेत्रीय प्रभारी बी.के. कमल ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सप्ताहभर विभिन्न योग एवं ध्यान गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
