

रक्तदान के महत्व पर काव्य गोष्ठी आयोजित, रक्तदाताओं को बताया समाज का सच्चा सेवक
बीकानेर। बीकानेर पर्यटन लेखक संघ एवं महफिले-अदब के संयुक्त सौजन्य से “रक्तदान व रक्तदाता का महत्व” विषय पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा जनजागरूकता का संदेश दिया। गोष्ठी के संयोजक डॉ. जिया उल हसन कादरी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नरसिंह बिनानी ने की, जबकि अमर जुनूनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. बिनानी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। रक्तदाता केवल रक्त देने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया। इस अवसर पर डॉ. जिया उल हसन कादरी, असद अली असद, जाकिर अदीब, हनुमंत गौड़ सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
