

बीकानेर की हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग, उद्योग संघ सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर बीकानेर की हवाई सेवाओं को देश के प्रमुख महानगरों से जोड़ने की मांग उठाई। पचीसिया ने बताया कि केंद्र सरकार की RCS-UDAN 5.0 योजना के अंतर्गत आवंटित बीकानेर–सूरत एवं बीकानेर–मुंबई हवाई मार्गों को वर्तमान सेवा प्रदाता से वापस लेकर किसी अन्य सक्षम एयरलाइन को आवंटित करने की अनुशंसा की जाए, ताकि इन मार्गों पर नियमित हवाई सेवाएं शुरू हो सकें। वीरेंद्र किराड़ू ने बताया कि व्यवहार्यता अंतर अनुदान योजना (VGF Scheme) के तहत बीकानेर–अहमदाबाद हवाई सेवा को एलायंस एयर द्वारा शीघ्र प्रारम्भ करवाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान के अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में बीकानेर को हवाई संपर्क के क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि बीकानेर के व्यापारी और उद्योगपति देश-विदेश में अपनी मजबूत पहचान रखते हैं। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
