

राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में दो रजत व एक कांस्य पदक जीते
बीकानेर। 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में विनायक स्पोर्ट्स शूटिंग अकादमी के निशानेबाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अकादमी एवं बीकानेर का गौरव बढ़ा है। अकादमी के निदेशक वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि निशानेबाज वेदिका शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल प्रतियोगिता में भी रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में अरविंद गोदारा ने कांस्य पदक जीतकर अकादमी के लिए एक और उपलब्धि दर्ज की।
अकादमी के कोच प्यारेलाल बाटड़ ने बताया कि राजस्थान राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में विनायक स्पोर्ट्स शूटिंग अकादमी के 50 निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर पिस्टल एवं 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर की पात्रता प्राप्त की तथा प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
