

पीबीएम सुधारो जनआंदोलन को मिला विभिन्न संगठनों का समर्थन, 30 जून को कलेक्ट्रेट पर जनसभा व प्रदर्शन का ऐलान
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा संसाधनों की उपलब्धता की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘पीबीएम सुधारो जनआंदोलन’ लगातार जारी है। आंदोलन के समर्थन में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार की मांग की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘ऑपरेशन बॉर्डर क्लीन’ के दौरान धार्मिक स्थलों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर भी जनभावनाओं में चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा क्षेत्र के मंदिरों एवं मस्जिदों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों की धार्मिक आस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि इन दोनों मुद्दों को लेकर 30 जून को बीकानेर जिला कलेक्ट्रेट पर जनसभा एवं प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे।
धरना स्थल पर पहुंचे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पीबीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग का समर्थन किया। जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि धरने में बिशनाराम सियाग, मदनगोपाल मेघवाल, भंवर कूकणा, श्रीकृष्ण गोदारा, ओमप्रकाश लोहिया, कमल कल्ला सहित विभिन्न संगठनों के अनेक प्रतिनिधि एवं समर्थक उपस्थित रहे।
