

विश्व दुग्ध दिवस पर महिला दुग्ध उत्पादकों का हुआ सम्मान
बीकानेर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास) के संघटक डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, बीकानेर द्वारा “महिला किसानों का अभिनंदन” थीम पर विश्व दुग्ध दिवस-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुमंत व्यास ने दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों तथा ग्रामीण महिला दुग्ध उत्पादकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और डेयरी क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी देश की दुग्ध क्रांति की आधारशिला है। मुख्य अतिथि डॉ. ए.के. पुनिया ने कहा कि दूध का प्रत्येक पैकेट हजारों दुग्ध उत्पादकों, तकनीकी विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और डेयरी कर्मियों की मेहनत एवं समर्पण का परिणाम होता है। उन्होंने डेयरी उद्योग के विकास में आधुनिक तकनीकों और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन की आवश्यकता पर भी बल दिया।
विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में दुग्ध एवं डेयरी क्षेत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मोहित कुमरावत ने प्रथम तथा अमित सिंह तंवर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में दिव्या सोनी प्रथम, मोहित कुमरावत द्वितीय एवं शिवांशी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में नरेंद्र एवं सुरेंद्र ने प्रथम तथा नारायण माली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
