

कोलायत पहुंचे हजारों श्रद्धालु, धर्मस्थलों में उमड़ी आस्था
बीकानेर। पुरुषोत्तम माह की सोमवती अमावस्या पर स्नान, ध्यान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए बीकानेर के हजारों श्रद्धालु हरिद्वार, पुष्कर और कोलायत पहुंच गए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई धर्मशालाएं, आश्रम और होटल शनिवार को ही पूरी तरह भर गए हरिद्वार के कनखल स्थित गीता भवन, बीकानेर के धनीनाथ गिरि मठ पंच मंदिर के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वरानंद भारती के सोमेश्वर धाम, महामंडलेश्वर संतोषी माता आश्रम तथा विभिन्न धर्मशालाओं में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंची। वहीं ऋषिकेश के गीता भवन, परमार्थ निकेतन और अन्य धर्मस्थलों में भी बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त टेंटों की व्यवस्था की गई। सोमवती अमावस्या के अवसर पर बीकानेर से हरिद्वार और पुष्कर जाने वाली अधिकांश रेलगाड़ियां और बसें यात्रियों से खचाखच भरी रहीं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण ट्रेनों में आरक्षण मिलना भी कठिन हो गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से शनिवार को बड़ी संख्या में विशेष और नियमित बसों का संचालन किया गया। इसी क्रम में बीकानेर से लगभग 50 वेदपाठी पंडितों का दल वेद मंत्रोच्चार के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। हरिद्वार स्थित आश्रमों एवं सोमेश्वर धाम में पुरुषोत्तम माह के दौरान चल रही विशेष धार्मिक कथाओं और आयोजनों में भी बीकानेर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। श्रद्धालु पिछले एक माह से वहां ठहरकर कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। पुरुषोत्तम माह के ये विशेष आयोजन सोमवार को सोमवती अमावस्या के साथ संपन्न होंगे।
