

मेड़तिया प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग, बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिवक्ता भगवान सिंह मेड़तिया के विरुद्ध दर्ज एफआईआर संख्या 0147/2026 की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित घटना का मूल कारण क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती के कारण उत्पन्न जन-असंतोष था, जिसके चलते बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक घटनास्थल पर एकत्रित हुए थे। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि घटना के बाद संबंधित कंपनी एवं स्थानीय नागरिकों के बीच समझौता भी हो चुका है। ऐसे में मामले से जुड़े सभी तथ्यों, परिस्थितियों एवं उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। बार एसोसिएशन ने मांग की कि प्रकरण की जांच स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाई जाए तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, स्वतंत्र गवाहों के बयान और अन्य सभी तथ्यों का समुचित परीक्षण किया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। इस अवसर पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, वरिष्ठ अधिवक्ता नवल कुमार पुरोहित, सुरेश श्रीमाली, रघुवीर सिंह, सुखदेव व्यास, अरविन्द सिंह, राजेन्द्र सिंह शिमला, मनोज बिश्नोई, पवन कुमार व्यास, रामनिवास बिश्नोई, राजेश देवड़ा, मनीष सांखला, ताराचंद उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
