

पीबीएम अस्पताल सुधारो आंदोलन पांचवें दिन जारी, कांग्रेस सेवादल ने चलाया सफाई एवं श्रमदान अभियान
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की डिलीवरी के दौरान कथित चिकित्सा लापरवाही से छह महिलाओं की किडनी खराब होने, अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चल रहा ‘पीबीएम अस्पताल सुधारो’ जनआंदोलन एवं धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कांग्रेस सेवादल ने श्रमदान एवं सफाई अभियान के माध्यम से विरोध-प्रदर्शन किया। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल एवं कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सेवादल के सदस्यों ने हाथों में झाड़ू लेकर अस्पताल परिसर में रैली निकाली। इसके बाद अस्पताल परिसर, विभिन्न वार्डों एवं शौचालयों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कमल कल्ला ने कहा कि सेवादल का यह श्रमदान अभियान केवल अस्पताल परिसर की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अस्पताल प्रशासन एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को जनसेवा और जवाबदेही का संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि पीबीएम अस्पताल की सुरक्षा, संरक्षा और विकास प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है तथा सभी को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर जनहित में कार्य करना चाहिए। जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि आंदोलन और धरने में बिशनाराम सियाग, मदन गोपाल मेघवाल, आनंद सिंह सोढ़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग दोहराई।
