

बीकानेर। चुन्नीलाल सोमानी राजकीय ट्रॉमा सेंटर में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड के तहत फिफ्थ पिलर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर टेबल एवं प्रीमियम एलईडी लाइट का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि मनोज गुप्ता ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन सामाजिक सरोकारों एवं जनहित के कार्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इस प्रकार का सहयोग आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि कॉरपोरेशन द्वारा प्रदान की गई यह आधुनिक चिकित्सा उपकरण सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा मानव जीवन की रक्षा में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. बी.एल. खजोटिया, डॉ. एल.के. कपिल सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अशफाक कादरी ने बताया कि समारोह में आशीष कुमार, सुरेंद्रपाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
