

25–27 अप्रैल तक राजस्थान स्टेट जूनियर व मास्टर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, 28 जिलों के 450 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
बीकानेर। जिला पावरलिफ्टिंग ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के तत्वावधान में 45वीं राजस्थान स्टेट जूनियर एवं मास्टर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 अप्रैल तक चिरंजीव कुंज में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय नागेश सिंह और स्वर्गीय यष्टिका आचार्य की स्मृति में आयोजित हो रही है। आयोजक आशीष ओझा ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले होंगे, जिनमें प्रदेश के 28 जिलों से 450 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बीकानेर जिले से भी 27 खिलाड़ी अपनी भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान राजस्थान स्टेट सब-जूनियर बॉयज़ एवं गर्ल्स प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। सब-जूनियर वर्ग में 9 भार वर्ग तथा मास्टर्स वर्ग में 8 भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन शुल्क 500 रुपए रखा गया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी दिनों में उड़ीसा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास, पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव विनोद साहू तथा पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी विक्रम सिंह चौहान, सुनील कुमार और पीयूष सोढ़ी की भी उपस्थिति रहेगी।
