

प्रशासन से सहमति के बाद 20 दिन से जारी ‘पीबीएम सुधारो जनआंदोलन’ स्थगित
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग एवं शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के संयुक्त नेतृत्व में पिछले 20 दिनों से चल रहा ‘पीबीएम सुधारो जनआंदोलन’ मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कर्मचारी मैदान में आयोजित ऐतिहासिक जनसभा के बाद स्थगित कर दिया गया। जनसभा में बॉर्डर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के मुद्दे को भी उठाया गया। जनसभा के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर जिला कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद हुई वार्ता में कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सीएम मूंधड़ा मेडिसिन विंग दो माह में शुरू कर दी जाएगी। वर्षों से तैयार जनाना (गायनिक) विंग के लिए राज्य सरकार को ढाई करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव भेजा जा चुका है तथा राशि स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कर 31 दिसंबर तक इसे संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। वार्ता में यह भी निर्णय हुआ कि पीबीएम अस्पताल में हुए कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच के लिए गठित समिति एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। साथ ही भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले विधिक प्रक्रिया का पूर्ण पालन करने का भरोसा प्रशासन की ओर से दिया गया। इन आश्वासनों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया। प्रशासन के साथ हुई वार्ता में बिशनाराम सियाग, मदनगोपाल मेघवाल, डॉ. बी.डी. कल्ला, भंवरसिंह भाटी, सुशीला रामेश्वर डूडी, डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, भंवर कूकणा, श्रीकृष्ण गोदारा, सत्तु खान पड़िहार, प्रहलादसिंह मार्शल, श्यामसिंह भाटी सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। जनसभा में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एम.डी. चौपदार, महिला कांग्रेस नेता सारीका सिंह, शिमला नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
