

कौशल विकास कार्यक्रम आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
बीकानेर। जन शिक्षण संस्थान द्वारा कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत रंगा ने कहा कि बेरोजगारी के इस विकट दौर में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम रोजगार और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का मजबूत आधार बन रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान अध्यक्ष गिरिराज मोहता ने कहा कि सीखे हुए हुनर को आर्थिक स्वावलंबन का माध्यम बनाना चाहिए। वहीं कैलाश मेहरा ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान के कौशल विकास कार्यक्रम जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने वाले प्रभावी कार्यक्रम हैं, जिनसे अपनी रुचि के अनुसार हुनर सीखकर आगे बढ़ा जा सकता है। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षणार्थियों ने संस्थान की सफलता की कहानियों के रूप में अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम के योजन में कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय, लेखाकार लक्ष्मीनारायण चूरा, सहायक कार्यक्रम अधिकारी तलत रियाज एवं उमाशंकर आचार्य सहित संस्था परिवार के विष्णुदत्त मारू, पूजा भादाणी और शिवशंकर पुरोहित की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन ओम प्रकाश सुथार ने किया।
