Bikaner Bikaner District Rajasthan

पटेल नगर-वल्लभ गार्डन मार्ग की बदहाली से लोग परेशान, शीघ्र डामरीकरण की मांग

पटेल नगर-वल्लभ गार्डन मार्ग की बदहाली से लोग परेशान, शीघ्र डामरीकरण की मांग
बीकानेर। पिछले छह वर्षों से विभिन्न कारणों के चलते पटेल नगर-वल्लभ गार्डन की मुख्य सड़क पर आवागमन प्रभावित होता रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में सड़क पर डामरीकरण नहीं होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। पटेल नगर रोड के निवासी प्रदीप महर्षि, नरेन्द्र शर्मा, बाबू खां, सीताराम, हरिकिशन, रेवतराम एवं कुलदीप ने बताया कि व्यास कॉलोनी, पटेल नगर, वल्लभ गार्डन, सुदर्शना नगर, बजरंगपुरी और गांधी कॉलोनी को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर विकास कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। सड़क पर रोड़ी और कंकड़ बिछाए हुए पांच से छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक डामर नहीं बिछाया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वाहनों की आवाजाही के दौरान कंकड़-पत्थर उछलते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा सड़क की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात्रि में आवागमन करना मुश्किल हो गया है। लोगों ने यह भी बताया कि सड़क पर स्थित एक सीवरेज चैंबर का ढक्कन खुला हुआ है, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के डामरीकरण, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *