

11 हजार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ महोत्सव के लिए जनसंपर्क तेज
बीकानेर। वंदेमातरम टीम की ओर से प्रस्तावित 11,000 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। इस दौरान निमंत्रण स्वरूप पंपलेट एवं पीले चावल वितरित किए गए। इस अवसर पर कामिनी भोजक ने बच्चों को हनुमान चालीसा के आध्यात्मिक एवं नैतिक महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि नियमित हनुमान चालीसा का पाठ करने से मन को शांति, बुद्धि को बल और चरित्र को मजबूती मिलती है। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुकेश जोशी, रामलाल, शिवदयाल उपाध्याय, चरणसिंह, भंवरलाल लिंबा, पुरुषोत्तम सुथार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
