

शिक्षा संबलन निरीक्षण वर्ष में एक बार कराने का आश्वासन
बीकानेर। प्राइवेट स्कूल्स फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में अतिरिक्त शिक्षा सचिव राजेश यादव से विभिन्न मांगों को लेकर वार्ता की। बैठक में फेडरेशन द्वारा प्रस्तुत 13 सूत्रीय मांगपत्र पर बिंदुवार चर्चा की गई। फेडरेशन के सचिव गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि वार्ता के दौरान अतिरिक्त शिक्षा सचिव ने आश्वासन दिया कि शिक्षा संबलन निरीक्षण अब मासिक आधार पर नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय के निर्देशों के कारण इस निरीक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है, लेकिन फेडरेशन की मांग को ध्यान में रखते हुए इसे वर्ष में केवल एक बार, अप्रैल से सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। बैठक में शिक्षा से जुड़े अन्य विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इस अवसर पर संजय शर्मा, हरभान सिंह कुंतल, भूपराम शर्मा, लोकेश कुमार मोदी सहित 20 अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
