

किसानों और आमजन की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से आमजन एवं किसानों की समस्याओं को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत नोखा विधायक सुशीला डूडी एवं बीकानेर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी को विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेता मुरली गोदारा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से किसानों एवं आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अन्नदेव फार्म प्रोड्यूसर, नोखा को वर्ष 2025-26 के दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद आवंटित की गई थी, लेकिन किसानों में वितरण करने के बजाय इसे कथित रूप से जिले से बाहर अवैध रूप से बेच दिया गया। इससे नोखा क्षेत्र के किसानों को खाद संकट का सामना करना पड़ा और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। इस अवसर पर राकेश खींचड़, राजकुमार भादू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।
