

मंदिर के शिखर पर चढ़कर मंत्रोच्चारण से ध्वजा बदलवाई
बीकानेर। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के तत्वावधान में सकल श्रीसंघ के सहयोग से गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर, मुनि मंथन प्रभ सागर, बाल मुनि मीत प्रभ सागर के सान्निध्य में मंगलवार को 15 वीं शताब्दी में विक्रम संवत 1541 में बने भांडाशाह जैन मंदिर में 511 वां वार्षिक ध्वजा उत्सव शांति स्नात्र पूजा, भक्ति संगीत के 18 अभिषेक के साथ मनाया गया।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर, मुनि मंथन प्रभ सागर व बाल मुनि मीत प्रभ सागर ने भूतल से 108 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर पर चढ़कर लाभार्थी श्रावकों से मंदिर की पांच ध्वजाओं को ’नवकार महामंत्र’’ सहित विभिन्न मंत्रोंच्चारण के साथ प्रतिष्ठित किया गया। भारत सरकार के पुरातत्व विभाग से संरक्षित इस मंदिर में पहली बार गणिवर्य, मुनिवृंद ने शिखर पर चढ़कर नई ध्वजाओं की प्रतिष्ठा करवाई।
