

राहुल ओझा की मौत पर फूटा आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
बीकानेर। शहर में सड़क के बीच गिरे विद्युत तार की चपेट में आने से राहुल ओझा की दर्दनाक मौत के बाद जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पूर्व मंत्री डॉ. बुलाकीदास कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और यशपाल गहलोत के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए नगर निगम अथवा बीकेईएसएल (BKESL) की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लापरवाही के कारण एक निर्दोष युवक की जान चली गई, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जवाबदेह बनाया जाए। डॉ. कल्ला ने जिला कलक्टर से कहा कि राहुल ओझा अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। सड़क के बीच गिरे बिजली के तार के कारण हुई इस मौत की गहन जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को सम्मानजनक और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। जिला कलक्टर ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित एवं सम्मानजनक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिष्टमंडल में जिया उर रहमान आरिफ, साजिद सुलेमानी, शहजाद भुट्टा, आनंद सिंह सोढ़ा, जाकिर नागौरी, नितिन वत्स, विक्की पुरोहित, गिरधर जोशी, राहुल जादूसंगत, बंसीलाल आचार्य, धनसुख आचार्य और मनोज किराड़ू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
