

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई का आमरण अनशन चौथे दिन समाप्त
बीकानेर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में चल रहा आमरण अनशन चौथे दिन समाप्त हो गया। अनशन के दौरान श्रीकृष्ण गोदारा सहित अभिमन्यु जाखड़, रामनिवास चौधरी और सोनू जोशी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बावजूद सभी ने अस्पताल में भी अनशन जारी रखा। देर रात नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी एवं देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने डॉक्टरों की सलाह के बाद आन्दोलनकारियों की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती श्रीकृष्ण गोदारा सहित अन्य आन्दोलनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया। इस अवसर पर बिशनाराम सियाग ने भाजपा सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर हठधर्मिता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की इस लड़ाई में कांग्रेस मजबूती से उनके साथ खड़ी है। जिला संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मदनगोपाल मेघवाल, डॉ. राजेन्द्र मूंड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
