

घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन स्थानों से अवैध रिफिलिंग उपकरण जब्त
बीकानेर। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार रसद विभाग की टीम ने शहर में विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान सर्वोदय बस्ती स्थित मारुति वर्क्स नामक दुकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और भंडारण करते हुए पाया गया। टीम ने मौके से एक सिलेंडर, एक रिफिलिंग मशीन और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया। इसी क्रम में सर्वोदय बस्ती स्थित खिलजी टावर के सामने एक अन्य दुकान पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग की जा रही थी। यहां से भी एक सिलेंडर, एक रिफिलिंग मोटर और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। इसके अलावा करमीसर रोड स्थित एस स्कूल के पास एक दुकान पर भी इसी प्रकार की अवैध गतिविधियां सामने आईं, जहां से एक सिलेंडर, एक रिफिलिंग मोटर और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अवैध गैस भंडारण, घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग और गैरकानूनी रिफिलिंग के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें, तो तुरंत रसद विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
