

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाइव प्रसारण का आयोजन
बीकानेर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास), बीकानेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधित “पीएम किसान सम्मान निधि योजना” के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण फैकल्टी हाउस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सुमंत व्यास के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, किसानों एवं पशुपालकों ने ऑनलाइन प्रसारण को देखा और योजना से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि देश का किसान अन्नदाता है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान किसानों के कल्याण, कृषि विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में ऐसी योजनाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रो. राजेश कुमार धूड़िया, प्रो. बी.एन. श्रृंगी, प्रो. राहुल सिंह पाल, प्रो. प्रवीण बिश्नोई, प्रो. मनीषा माथुर, डॉ. सुनीता पारीक, डॉ. नरेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
