

सक्षम स्थापना दिवस पर दिव्यांगजन मातृ-पितृ वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित
बीकानेर। सक्षम स्थापना दिवस के अवसर पर सक्षम जिला इकाई बीकानेर द्वारा लायंस क्लब के सहयोग से दिव्यांगजन मातृ-पितृ वंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था। समारोह के मुख्य अतिथि मनु गर्ग एवं वंदना गर्ग रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जसवंत खत्री ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. नीरज शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर वंदना गर्ग ने कहा कि दृढ़ संकल्प, परिवार के सहयोग और सकारात्मक सोच के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। उन्होंने दिव्यांगजन एवं उनके अभिभावकों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। डॉ. नीरज शर्मा ने संगठन द्वारा संचालित दिव्यांग सेवा केंद्र की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण पत्र, परामर्श, पुनर्वास तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे दिव्यांगजन को विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा उनके माता-पिता के योगदान की सराहना की गई। समारोह का समापन सम्मान वितरण एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
