

कमला मेघवाल प्रकरण: केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद धरना समाप्त
बीकानेर। नापासर क्षेत्र की मृतका कमला मेघवाल के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहे धरने के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, सीओ अनुष्ठा कालिया तथा डॉ. सुरेंद्र वर्मा से दूरभाष पर वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। वार्ता के दौरान प्रशासन ने आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जांच प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पूरा करने का भरोसा भी दिया गया। प्रशासन की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
