Bikaner Bikaner District Rajasthan

रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में बनेगा अपनाघर आश्रम, कामरा परिवार ने सेवा कार्य के लिए दान की भूमि

रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में बनेगा अपनाघर आश्रम, कामरा परिवार ने सेवा कार्य के लिए दान की भूमि
बीकानेर। स्वर्गीय शिशुपाल एवं पलक कामरा परिवार ने जरूरतमंद, निराश्रित एवं असहाय लोगों की सेवा के उद्देश्य से रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में अपनी भूमि दान कर ‘अपनाघर आश्रम’ की स्थापना का निर्णय लिया है। प्रस्तावित आश्रम लगभग 2000 वर्गमीटर भूमि पर निर्मित किया जाएगा।
स्व. पलक कामरा की माता एवं शिशुपाल कामरा की पत्नी संगीता कामरा ने बताया कि बेगराज नागपाल तथा बीकानेर जिला उद्योग प्रन्यास के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया की प्रेरणा से समाजसेवा एवं ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना के साथ यह निर्णय लिया गया है।
बीकानेर जिला उद्योग प्रन्यास के सचिव वीरेंद्र किराडू ने बताया कि रीको क्षेत्राधिकार की इस भूमि को औद्योगिक से आवासीय उपयोग में परिवर्तित कराने, भू-विभाजन करवाने तथा रजिस्ट्री पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी में छूट प्राप्त करने के लिए प्रन्यास द्वारा सामाजिक सुरक्षा प्रोत्साहन योजना-2023 के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जयपुर में आवेदन किया जा चुका है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आश्रम का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों को आश्रय और सेवा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *