

राजकीय सेटेलाइट अस्पताल में वाटर कूलर एवं एक्वागार्ड का लोकार्पण
बीकानेर। शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वर्गीय इन्द्रचन्द बोथरा की पावन स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कंचनदेवी बोथरा, बजरंग लाल बोथरा एवं धीरजकुमार बोथरा द्वारा राजकीय सेटेलाइट अस्पताल में वाटर कूलर मय एक्वागार्ड स्थापित करवाया गया। जतनलाल दूगड़ ने बताया कि यह वाटर कूलर अस्पताल के नये वार्ड एवं वेटिंग हॉल में लगाया गया है, जिससे मरीजों, परिजनों एवं आमजन को शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। वाटर कूलर का लोकार्पण डॉ. मुकेश मोहनलाल मोदी, महेन्द्र चौपड़ा, बच्छराज रांका एवं नवरत्न सिंघी द्वारा मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने बोथरा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए अस्पताल में जनसुविधाओं के विस्तार हेतु उनके सहयोग की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से अस्पताल में आने वाले मरीजों और परिजनों को राहत मिलती है तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।
