

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का उद्योग संघ में स्वागत, औद्योगिक व सामाजिक कार्यों की सराहना
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ परिसर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उद्योग संघ की औद्योगिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए वक्ताओं ने संघ की दूरदृष्टि एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना की। अशोक सुराणा ने कहा कि बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया का विजन केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी उनका दृष्टिकोण सदैव सकारात्मक और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग संघ द्वारा उद्योगों के विकास के साथ-साथ सामाजिक चेतना एवं सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। नरेश मित्तल ने बताया कि उद्योग संघ परिसर में इतिहास को एक ही छत के नीचे चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है, जो यहां आने वाले लोगों को बीकानेर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर से परिचित करवाता है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उद्योग संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उद्योग संघ परिसर की सराहना करते हुए कहा कि यह सब दूरदृष्टि सोच और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी आवश्यक है और बीकानेर जिला उद्योग संघ इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास, सत्यप्रकाश आचार्य, श्यामसुंदर सोनी, वीरेंद्र किराड़ू, पारस डागा, दीपक पारीक, गोपाल अग्रवाल सहित अनेक उद्यमी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
