

राठौड़ ने चिकित्सा संकुल का किया अवलोकन, बताया प्रदेश के लिए रोल मॉडल
बीकानेर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शहर स्थित बहु-चिकित्सा सुविधा युक्त चिकित्सा संकुल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने एक ही छत के नीचे आयुर्वेद, एलोपैथी, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों की उपलब्धता को सराहनीय बताते हुए इसे प्रदेश के लिए एक मिसाल करार दिया। राठौड़ ने कहा कि इस प्रकार के चिकित्सा संकुल आमजन को समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे चिकित्सा केंद्र प्रदेश के लिए रोल मॉडल के रूप में उभरेंगे। परदेसियों की बगीची मुक्ति धाम समिति के प्रबंधक राजीव शर्मा ने प्रदेशाध्यक्ष को जानकारी देते हुए बताया कि इस चिकित्सा संकुल की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी। समिति द्वारा राजस्थान सरकार को चिकित्सा संकुल संचालन की अनुमति के लिए आवेदन किया गया था। सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद इस योजना को मूर्त रूप दिया गया। डॉ. विजेन्द्र ने बताया कि चिकित्सा संकुल में प्रतिदिन लगभग 500 से 700 मरीज उपचार के लिए आते हैं। यहां एक हजार से अधिक दवाइयां उपलब्ध हैं तथा समिति का निरंतर सहयोग मिलता रहता है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का राजीव शर्मा, दिनेश वत्स, प्रदीप भारद्वाज, पूनम चलवा, दीपक, रामकुमार झंवर, योगेश भार्गव, जीवन सोलंकी एवं संजय पटपटिया सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया।
