Bikaner Bikaner District India Jaipur Rajasthan

राजस्थान सिविल संहिता-2026 की दिशा में सरकार, विकास के साथ सुशासन पर जोर

राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की दिशा में सरकार कर रही काम, अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
जल सुरक्षा, बिजली, सड़क और परिवहन के क्षेत्र में विकास कार्यों को दी जा रही गति
किसान, महिला, युवा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को बताया विकसित राजस्थान का आधार
बीकानेर में भव्य राज्य स्तरीय समारोह, परेड के साथ लोक कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 44 राज्य को सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता लागू करने का निर्देश देता है। इसी संवैधानिक भावना के अनुरूप राज्य सरकार राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री शनिवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जबरन पलायन और संपत्तियों की बिक्री रोकने के लिए राजस्थान अशांत क्षेत्र कानून तथा प्रलोभन अथवा कपटपूर्वक धर्मान्तरण के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए विधि-विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध कानून बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के परिणामस्वरूप प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अमन-चैन का वातावरण मजबूत हुआ है।
विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प के साथ विकास की नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। भारत का डिजिटल मॉडल और यूपीआई सहित डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर दुनिया के लिए उदाहरण बन रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पचपदरा में 79 हजार 459 करोड़ रुपये की लागत से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना का शुभारंभ तथा माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास राजस्थान के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
जल और बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के लिए पानी जीवन, अर्थव्यवस्था और भविष्य का आधार है। करीब 91 हजार करोड़ रुपये की राम जल सेतु लिंक परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अब तक 26 हजार करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। परियोजना से प्रदेश के 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं, करीब 34 हजार करोड़ रुपये की यमुना जल परियोजना के एमओए से शेखावाटी क्षेत्र के करीब 75 लाख लोगों को स्थायी पेयजल सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
सड़क और परिवहन नेटवर्क का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि महज 31 माह में प्रदेश में 18 हजार किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण किया गया है। देश में स्वीकृत 10 हजार 389 किलोमीटर हाई-स्पीड कॉरिडोर एवं ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में से 1 हजार 192 किलोमीटर राजस्थान में हैं, जो देश के किसी भी राज्य से अधिक है।
किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राज्य में वार्षिक सहायता 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है। अब तक 76 लाख से अधिक किसानों को 3 हजार 734 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसानों को कृषि कनेक्शन, बिजली बिलों में अनुदान, गेहूं पर बोनस और ब्याजमुक्त फसली ऋण जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
महिला सशक्तीकरण को विकास का आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत सात किस्तों में डेढ़ लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के तहत दो लाख से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल कौशल प्रदान किया गया है। करीब 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनने का प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि लगभग 19 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
सामाजिक सुरक्षा और सुशासन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है। पालनहार योजना में छह लाख से अधिक बच्चों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3 लाख 82 हजार आवास बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत लाखों मरीजों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों, ग्राम विकास चौपालों और ग्राम विकास रथ अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम वार्ड अभियान के तहत गांवों और वार्डों के लिए वर्ष 2047 तक की विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
निवेश और अर्थव्यवस्था को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान आज देश की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें करीब 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर काम शुरू हो चुका है। प्रदेश में निवेश का अनुकूल वातावरण बनाने के लिए 36 नई नीतियां जारी की गई हैं। सरकार ने राजस्थान की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2030 तक 350 बिलियन डॉलर और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
50 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत अब तक 24 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं और सरकार ने 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
भव्य समारोह में परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक एवं योग्यता प्रमाण पत्र तथा समाज सेवा, लोक कला, पर्यावरण और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में राजस्थान के साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आए लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। आर्मी बैंड, हाड़ी रानी महिला बटालियन पाइप बैंड, सेंट्रल बैंड और आदर्श विद्या मंदिर बीकानेर की ओर से आकर्षक बैंडवादन किया गया। बीएसएफ के ऊंट दस्ते ने भी प्रदर्शन किया।
परेड में पंजाब पुलिस, हाड़ी रानी महिला बटालियन, जीआरपी, बीकानेर जिला पुलिस, आरएसी, केंद्रीय कारागार, बॉर्डर होमगार्ड, अर्बन होमगार्ड, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी प्रतीक ने किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
शहीद स्मारक पर शहीदों को नमन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। उन्होंने विजिटर्स बुक में संदेश लिखकर देश की रक्षा में वीरगति प्राप्त करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इससे पूर्व स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने शिरकत की। कार्यक्रम में कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मूक-बधिर बच्चों की विशेष प्रस्तुति ने भी दर्शकों को भावुक कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *