

80वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर में एट होम कार्यक्रम, 600 ड्रोन्स ने बिखेरी आसमानी छटा
बीकानेर। 80वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बीकानेर स्थित राजकीय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में एट होम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान लगभग 600 ड्रोन्स के अद्भुत प्रदर्शन ने आसमान को रोशनी और देशभक्ति के रंगों से भर दिया। ड्रोन शो ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का विशेष आकर्षण खींचा और समारोह की भव्यता को और बढ़ाया। इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, उच्चाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला। ड्रोन प्रदर्शन ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया और उपस्थित लोगों ने इस मनोहारी दृश्य का आनंद लिया।
