Bikaner Bikaner District Rajasthan

नाबार्ड सहयोग से बकरी पालन प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, किसानों को आधुनिक तकनीकों की दी जानकारी

नाबार्ड सहयोग से बकरी पालन प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, किसानों को आधुनिक तकनीकों की दी जानकारी
बीकानेर। गुरु जम्भेश्वर सेवा संस्थान द्वारा नाबार्ड के सहयोग से आयोजित बकरी पालन का दस दिवसीय तृतीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक रमेश तांबिया ने की। इस अवसर पर डीडीएम बीकानेर अरविंद चाहर, पशु चिकित्सा प्रभारी नापासर डॉ. वेद प्रकाश चौधरी तथा संस्थान के सचिव धर्मपाल सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि रमेश तांबिया ने प्रशिक्षण प्राप्त किसानों को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। पशु चिकित्सा प्रभारी डॉ. वेद प्रकाश चौधरी ने किसानों को बकरी पालन के आर्थिक और सामाजिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महाराष्ट्र में ‘गोट बैंक’ जैसी उन्नत पहल और आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी साझा की। नाबार्ड के डीडीएम अरविंद चाहर ने प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आधुनिक पशुपालन तकनीक, रोग प्रबंधन, संतुलित पोषण और बाजार से जुड़ाव के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। संस्थान के सचिव धर्मपाल ने बताया कि गुरु जम्भेश्वर सेवा संस्थान पर्यावरण संरक्षण, जीवदया और सामाजिक सेवा के मूल्यों पर आधारित एक सक्रिय सामाजिक संस्था है, जो ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिविर के माध्यम से किसानों को स्वरोजगार और आय वृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *