

मुफ्त मिलेगा लाइव मैच का रोमांच
बीकानेर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रोमांच को और करीब से महसूस कराने के लिए देशभर में 50 आईपीएल फैन पार्क स्थापित किए गए हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष बीकानेर को भी यह खास अवसर मिला है, जहां क्रिकेट प्रेमी एक अनोखे अनुभव का आनंद उठा सकेंगे। बीसीसीआई के प्रतिनिधि विकास पंडित ने बताया कि इन फैन पार्कों का मुख्य उद्देश्य दर्शकों को घर से बाहर एक सार्वजनिक स्थान पर लाइव मैच जैसा माहौल प्रदान करना है, ताकि वे बड़े पर्दे पर मैच देखते हुए स्टेडियम जैसा उत्साह और ऊर्जा महसूस कर सकें। उन्होंने जानकारी दी कि बीकानेर का प्रसिद्ध डॉ. करणीसिंह स्टेडियम मैदान इस बार आईपीएल फैन पार्क की मेजबानी करेगा। यहां 25 और 26 अप्रैल को क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा, जहां वे बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच का आनंद ले सकेंगे। सबसे खास बात यह है कि इस फैन पार्क में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का हिस्सा बन सकें। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी यहां पहुंचकर आईपीएल के रोमांच का आनंद उठाएंगे।
