

विकास के साथ विरासत संरक्षण पर जोर
बीकानेर। राव बीकाजी संस्थान एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर नगर स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत “हमारा नगर हमारी जिम्मेदारी” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के संभ्रांत नागरिकों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शहर के समग्र विकास, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ साहित्यकार, कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने बीकानेर की समृद्ध परंपराओं, रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक विकास के साथ-साथ शहर की ऐतिहासिक हवेलियों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना भी अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर संवाद और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं डॉ. नरेश गोयल ने शहरी क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण, यातायात नियमों की पालना और शहर की परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नागरिकों से जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर शशांक जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि शहर के विकास में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है और “हमारा नगर हमारी जिम्मेदारी” की भावना को व्यवहार में लाना ही सच्ची नागरिकता का परिचय है।
