

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकलेगी प्रभात फेरी
बीकानेर। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को शहर में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरी का शुभारंभ मोहता चौक से होगा, जहां से श्रद्धालु भगवान परशुराम के जयघोष के साथ नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेंगे। आयोजन से जुड़े ओंकारनाथ हर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभात फेरी मोहता चौक से प्रारंभ होकर आचार्य चौक, सेवगों की गली, रत्ताणी व्यासों का चौक, साले की होली, किराड़ू गली, दम्माणी चौक, लालाणी व्यासों का चौक, मूंधड़ा चौक और हर्षों का चौक होते हुए पुनः मोहता चौक स्थित आनंद भैरव मंदिर के आगे संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में समाज के बड़ी संख्या में लोग, युवा वर्ग और महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। आयोजन को लेकर शहर में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी के स्वागत की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं। इस आयोजन के माध्यम से भगवान परशुराम के आदर्शों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
