

डॉ. शर्मा का राजस्थानी मोट्यार परिषद ने किया सम्मान
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में नवस्थापित राजस्थानी अध्ययन केंद्र के संस्थापक निदेशक के रूप में डॉ. मेघना शर्मा को नियुक्त किया गया है। नियुक्ति पर राजस्थानी मोट्यार परिषद की ओर से डॉ. मेघना शर्मा का शॉल, साफा, दुपट्टा एवं पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर डॉ. मेघना शर्मा ने कहा कि राजस्थानी अध्ययन केंद्र के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति एवं परंपराओं की झलक प्रस्तुत करने वाली गतिविधियों, साहित्यिक गोष्ठियों तथा राजस्थानी भाषा-साहित्य पर शोध आधारित संवाद कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही राजस्थानी कला एवं पर्यटन को मजबूत करने की दिशा में भी केंद्र विशेष रूप से कार्य करेगा। सम्मान समारोह में डॉ. नमामी शंकर आचार्य, डॉ. गौरीशंकर प्रजापत, राम शर्मा, रविंद्र जाजड़ा, राजेश चौधरी, प्रशांत जैन, सुनील बिश्नोई एवं दीपक चौधरी के नेतृत्व में विधि, इतिहास एवं राजस्थानी विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों एवं परिषद के सदस्यों ने डॉ. मेघना शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
