

‘विनोद’ की जयंती पर साहित्यिक समारोह ‘विनोद वैभव’ कल
बीकानेर। हास्य को सहज संवेदना, व्यंग्य को सामाजिक चेतना और शब्दों को मंच की जीवंत धड़कन बना देने वाले कीर्तिशेष साहित्य मनीषी भवानी शंकर व्यास ‘विनोद’ की जयंती पर सुरभि संस्था की ओर से उन्हें साहित्यिक श्रद्धा और आत्मीय स्मरण के साथ नमन किया जाएगा। उनकी स्मृति में कल 11 अगस्त अजीत फाउंडेशन, बीकानेर में शाम 5 बजे से विशेष साहित्यिक समारोह ‘विनोद वैभव’ आयोजित किया जाएगा। समारोह में साहित्य जगत से जुड़े रचनाकार एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहकर ‘विनोद’ के साहित्यिक अवदान और व्यक्तित्व को स्मरण करेंगे। सुरभि संस्था के साहित्यकार गोविंद जोशी तथा सचिव दिनेश उपाध्याय ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य होंगे, जबकि वरिष्ठ कथाकार मालचंद तिवाड़ी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। आयोजकों ने बताया कि ‘विनोद’ का साहित्य हास्य और व्यंग्य के माध्यम से समाज की विसंगतियों पर सार्थक टिप्पणी करने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करता रहा है। उनकी जयंती पर आयोजित यह समारोह उनके साहित्यिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके रचनात्मक अवदान को आत्मीयता से याद करने का अवसर बनेगा।
