

कोटगेट व सांखला फाटक अंडरब्रिज को लेकर डॉ. कल्ला ने दिए सुझाव
बीकानेर। राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अतिरिक्त मुख्य अभियंता से मुलाकात कर कोटगेट एवं सांखला फाटक पर प्रस्तावित अंडरब्रिज की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। डॉ. कल्ला ने सुझाव दिया कि प्रस्तावित 4 मीटर चौड़ाई को बढ़ाकर अंडरब्रिज में दोतरफा यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था भी होनी चाहिए, ताकि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भारत सरकार के रेल मंत्री के साथ हुई वार्ता के अनुरूप आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए, जिससे परियोजना आमजन के लिए अधिक उपयोगी साबित हो सके। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने बताया कि इस विषय पर रेलवे अधिकारियों के साथ चर्चा की जा चुकी है और शीघ्र ही इसका समुचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
