

फसल खराबे का आकलन कर शीघ्र गिरदावरी करवाने की मांग
बीकानेर। ग्रामीण क्षेत्रों में कम बारिश एवं फसलों के खराब होने से किसानों के सामने उत्पन्न हुई गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिला कलेक्टर से चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक फसल खराबे का आकलन करवाते हुए शीघ्र गिरदावरी कराने की मांग की। पंचारिया ने कहा कि जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ की फसलें प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर किसानों को फसल खराबे के चलते भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में किसानों को राहत पहुंचाने के लिए खेत स्तर पर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में निष्पक्ष एवं प्रभावी गिरदावरी करवाकर फसल खराबे का वास्तविक आंकलन किया जाए, ताकि नुकसान झेल रहे किसानों को समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
