Bikaner Bikaner District India Jaipur Rajasthan

ग्रामीण परिवर्तन को गति देने के लिए नाबार्ड और राजस्थान सरकार में साझेदारी पर जोर

ग्रामीण परिवर्तन को गति देने के लिए नाबार्ड और राजस्थान सरकार में साझेदारी पर जोर
बीकानेर/जयपुर। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी. ने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास (आईएएस) से मुलाकात कर राज्य में ग्रामीण परिवर्तन को गति देने को लेकर व्यापक चर्चा की। बैठक में नाबार्ड और राजस्थान सरकार के बीच मजबूत साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए जल सुरक्षा, जलवायु अनुकूलन, डिजिटल कृषि, ग्रामीण ऋण, कृषि बाजार तथा उद्यम-संचालित सहकारिता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राज्य के ग्रामीण विकास में नाबार्ड के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। नाबार्ड अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी. ने राजस्थान में बैंक द्वारा किए जा रहे विभिन्न हस्तक्षेपों को रेखांकित करते हुए कहा कि विकास के आगामी चरण में केवल परिसंपत्ति सृजन तक सीमित रहने के बजाय त्वरित क्रियान्वयन, सुदृढ़ ग्रामीण उद्यमों की स्थापना, जलवायु अनुकूलन तथा आजीविका से जुड़े मापने योग्य परिणामों पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। बैठक में जल सुरक्षा को राजस्थान की ग्रामीण विकास रणनीति का केंद्रीय स्तंभ माना गया। नाबार्ड ने सिंचाई के आधुनिकीकरण, जल-उपयोग दक्षता, भूजल पुनर्भरण, वाटरशेड विकास एवं नदी-जोड़ो परियोजनाओं सहित महत्वपूर्ण जल बुनियादी ढांचे के लिए अपनी वित्तीय एवं तकनीकी सहायता का विस्तार करने की प्रतिबद्धता दोहराई। राज्यभर में जल-सुरक्षा से जुड़ी अवसंरचना को गति देने के लिए नाबार्ड आरआईडीएफ एवं अन्य वित्तीय तंत्रों के माध्यम से सहयोग बढ़ाएगा। बैठक में त्वरित, सरल एवं अधिक सटीक कृषि तथा ग्रामीण ऋण व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण, एग्रीस्टैक तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण डेटा के उपयोग पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *