

अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी, वॉश और भट्टियां नष्ट
बीकानेर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है। आबकारी विभाग की टीमों द्वारा नाकाबंदी, गश्त एवं दबिश के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा जब्त करने के साथ हजारों लीटर वॉश नष्ट कर अभियोग दर्ज किए गए हैं। विभाग द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों की शराब की तस्करी तथा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर भी सख्ती बरती जा रही है। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में ईपीएफ दल की कार्रवाई के दौरान 600 लीटर वॉश सहित एक कच्ची भट्टी नष्ट की गई तथा 20 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। वहीं श्रीगंगानगर के लक्ष्मीनारायण नाहर ग्राम खत्ता में एक अन्य कार्रवाई के दौरान 3 हजार लीटर वॉश सहित तीन अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। इसी प्रकार प्रदेशभर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
