

जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली-पानी संकट पर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा लूनकरणसर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आमजन एवं किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि लूनकरणसर क्षेत्र इन दिनों प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल है। ऐसे में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली बंद रहने से आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। ज्ञापन में बिना कारण की जा रही बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने तथा नियमित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। पेयजल संकट को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंभीर चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि लंबे समय से नहर बंदी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे जल संकट गहरा गया है। कई गांवों में जल स्रोतों, डिग्गियों एवं जलाशयों में गंदगी जमा होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन से जल स्रोतों की तत्काल सफाई, पानी की गुणवत्ता जांच तथा स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस अवसर पर बिशनाराम सियाग, डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, अजय गोदारा, लुंबाराम मेघवाल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
