

पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई की मांग
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं और चिकित्सा सेवाओं की बदहाल स्थिति के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी देहात के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल पीबीएम अस्पताल में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वार्डों, गलियारों और शौचालयों में फैली गंदगी के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नई मेडिसिन विंग तैयार होने के बावजूद अब तक शुरू नहीं की गई है, जिससे मरीजों को अपेक्षित सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में अस्पताल में सफाई कर्मियों, वार्ड बॉय, सुरक्षाकर्मियों तथा कैंटीन संचालन से जुड़े ठेकों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए। साथ ही नर्सिंग ऑफिसर भर्ती प्रक्रिया में बेरोजगार युवाओं से रिश्वत लेकर नियुक्तियां देने जैसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। कांग्रेसजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार, कथित अनियमितताओं की जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
