Bikaner Bikaner District Rajasthan Sports

शाकद्वीपीय समाज की कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं का समापन, 250 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग

शाकद्वीपीय समाज की कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं का समापन, 250 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग
बीकानेर। मारवाड़ी ग्रुप एवं स्व. गंगादास सेवग स्मृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शाकद्वीपीय समाज की छठी कैरम प्रतियोगिता तथा स्व. जयशंकर शर्मा की स्मृति में आयोजित द्वितीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन सेवगो की बगेची भवन में हुआ। 11 अक्टूबर तक चले इस खेल महाकुंभ में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और सामाजिक एकता का परिचय दिया। राजेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष गणेश दास सेवग, राजेन्द्र शर्मा, दयाशंकर शर्मा, बसंत कुमार, पार्षद सुषमा शर्मा एवं ज्योति सेवग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में युवाओं के साथ महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही। कैरम प्रतियोगिता में 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता महिला एवं पुरुष वर्ग में अलग-अलग आयु श्रेणियों के अनुसार आयोजित की गई। इसमें पांच वर्ष के बच्चों से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों ने भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष चैंपियंस ग्रुप में सत्यपाल शर्मा, सीनियर वर्ग में मनमोहन शर्मा, अंडर-24 वर्ग में तनय सेवग तथा अंडर-16 वर्ग में प्रिंस शर्मा विजेता रहे। वहीं, महिला अंडर-20 वर्ग में सोनाक्षी शर्मा और महिला सीनियर वर्ग में रिंकू भोजक ने विजेता का खिताब हासिल किया।
शतरंज प्रतियोगिता कमेटी से जुड़े निलेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी मुकाबले स्विस पद्धति से आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयु के अनुसार अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। पुरुष सीनियर वर्ग में राजेन्द्र शर्मा तथा जूनियर वर्ग में रुचित शर्मा विजेता रहे। महिला सीनियर वर्ग में जान्हवी शर्मा और जूनियर वर्ग में दिव्या शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *