

बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप: रोमांचक मुकाबलों के साथ सेमीफाइनल की तस्वीर हुई साफ
बीकानेर। स्व. घनश्याम बिस्सा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप के दूसरे दिन स्थानीय किशन गार्डन में पांच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि अजय पुरोहित एवं कमल कल्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। दिन का पहला मुकाबला बाबा-8 और पुष्करणा एकेडमी के बीच खेला गया, जिसमें पुष्करणा एकेडमी ने अंतिम ओवर में दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इस मैच में दीपक गिरी को मैन ऑफ द मैच तथा शोभित आचार्य को बेस्ट बल्लेबाज चुना गया। दूसरे मुकाबले में फाइटर-11 ने मातेश्वरी टाइगर्स के सामने 96 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में मातेश्वरी टाइगर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल कर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। विवेक अग्रवाल मैन ऑफ द मैच रहे, जबकि फाइटर-11 के वासु सुथार ने 50 रनों की शानदार पारी खेलकर बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार प्राप्त किया।
तीसरे मैच में पुष्करणा यंगस्टर्स ने जेएमडी को सात विकेट से हराया। चेतन व्यास को मैन ऑफ द मैच और कपिल पारीक को बेस्ट बल्लेबाज चुना गया। चौथे मुकाबले में धुरंधर ने मातेश्वरी टाइगर्स को 28 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जुबैद ख़ान को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरे दिन के अंतिम मुकाबले में गेम चेंजर-9 ने टर्फ मास्टर्स के सामने 36 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे टर्फ मास्टर्स ने केवल तीन ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पीयूष सेन ने दो ओवर में मात्र चार रन देकर तीन विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने, जबकि कुलदीप को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार मिला। समापन अवसर पर नवल कुमार पुरोहित एवं विष्णुनारायण बिस्सा ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
