

खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को जल संरक्षण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की दी जानकारी
बीकानेर। विश्वविद्यालय सामाजिक दायित्व (यूएसआर) के तहत पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गाँव बम्बलू में राजस्थान सरकार के ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान राज्यभर में 1 से 30 जून तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सुमंत व्यास के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. बी.एन. श्रृंगी ने किसानों को संबोधित करते हुए वर्षा जल संरक्षण, समय-समय पर मिट्टी की जांच, कीटनाशकों का संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग, उचित फसल चक्र अपनाने तथा जैविक खाद एवं वर्मीकम्पोस्ट के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को “जल बचाओ, कल बचाओ – खेतों को खुशहाल बनाओ” की शपथ भी दिलाई।
डॉ. प्रियंका कड़ेला ने किसानों को कृषि के साथ पशुपालन, डेयरी एवं बकरी पालन जैसे सहायक व्यवसाय अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. संजय सिंह तथा हेतराम कूकणा ने भी किसानों को आधुनिक कृषि एवं पशुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में 95 किसानों एवं पशुपालकों ने भाग लिया। समापन अवसर पर पशुपालकों को मिनरल मिक्सचर का वितरण किया गया। अंत में डॉ. दिवाकर झुरियों ने सभी अतिथियों, किसानों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
