Bikaner Bikaner District Rajasthan

प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों हेतु विशेष क्लिनिक की व्यवस्था

image description

भीषण गर्मी के मद्देनजर दानदाताओं ने जिला अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भेंट किए एसी-कूलर
बीकानेर। भीषण गर्मी को देखते हुए एसडीएम राजकीय जिला अस्पताल में अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों के लिए सुविधाओं को लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसमें दानदाताओं से सहयोग भी लिया जा रहा है। दानदाताओं द्वारा निरंतर इस हेतु सहयोग किया जा रहा है। इसी क्रम मे जस्सूसर गेट निवासी बजरंग चांडक ने परिवार सहित जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में मरीजों की सुविधा के लिए चार बड़े डेजर्ट कूलर अस्पताल प्रशासन को भेंट किए। इस मौके पर अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष, मेडिकल वार्ड प्रभारी डॉ. भूपेंद्र तिवारी, श्री पवन चांडक, श्रीमती मंजू चांडक, मेडिकल वार्ड इंचार्ज श्रीमती संगीता सिन्हा, नर्सिंग ऑफिसर आफताब, भीम, मांगीलाल, प्रेम एवं मूलचंद सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। एक अन्य कार्यक्रम मे धर्मनगर द्वार निवासी श्री केवलचंद ओझा एवं परिवार द्वारा मेडिकल ओपीडी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही विशेष ओपीडी रामाश्रय क्लिनिक हेतु तीन एसी अस्पताल प्रशासन को भेंट किए गए।
अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि पिछले एक वर्ष से अस्पताल को लगातार दानदाताओं और भामाशाहों का सहयोग मिल रहा है। ऐसे में भीषण गर्मी में दानदाताओं द्वारा दान किए गए एसी और कूलरों से ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों को राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल में अभियान चलाकर पंखे, कूलर, एसी और वाटर कूलर रिपेयर करवाए जा रहे हैं, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं मिले।
एसडीएम जिला अस्पताल में 65 वर्ष से अधिक उम्र के रोगियों के लिए विशेष आउटडोर रामाश्रय क्लिनिक को सप्ताह मे प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को संचालित किया जाएगा। डॉ. भूपेंद्र तिवारी को इसका प्रभारी बनाया गया है। अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य मेडिकल आउटडोर में भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता था, जिससे बुजुर्गों को परेशानी होती थी। इसके अलावा अस्पताल में प्रत्येक माह मे क्रॉनिक डिजीज के मरीज रुटीन चैकअप, फॉलोअप और दवाइयों के लिए आते हैं। इसके लिए 65 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों के लिए विशेष ओपीडी चलाई जाएगी, जिसमें उनकी बीपी शुगर जैसी जांचें आउटडोर मे ही की जाएगी।
हीटवेव को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने अपने स्तर पर हीटवेव, लू तापघात आदि स्थितियों से निपटने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर हीटवेव वार्ड की व्यवस्था की गई है। उल्टी-दस्त, पेटदर्द से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने को देखते हुए मेडिकल वार्ड में अतिरिक्त 25 बैड और शिशु रोग वार्ड मे अतिरिक्त 10 बैड की व्यवस्था की गई है। अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि हीटवेव और लू तापघात को देखते हुए आवश्यक दवाइयों, फ्लूइड, ओआरएस, फ्रोजन आइसपैक और उपकरणों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अस्पताल में बढ़ते विद्युत लोड को देखते हुए बीकेसीएल को ट्रांसफार्मर का लोड बढाने हेतु लिखा गया है एवं बिजली की कटौती की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *