Bikaner Bikaner District Rajasthan

माँ गंगा के सान्निध्य में होगा राष्ट्रस्तरीय सामूहिक यज्ञोपवित संस्कार आयोजन

माँ गंगा के सान्निध्य में होगा राष्ट्रस्तरीय सामूहिक यज्ञोपवित संस्कार आयोजन
बीकानेर। पवित्र गंगा तट स्थित गीता भवन, ऋषिकेश में 17 से 20 जून तक राष्ट्रस्तरीय सामूहिक यज्ञोपवित (जनेऊ) संस्कार का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक एवं संस्कारात्मक कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों एवं शहरों से यज्ञोपवित धारण करने के इच्छुक बालक एवं व्यक्ति भाग लेंगे।
श्री मुरली मनोहर धोरा, उदयरामसर के श्यामसुंदर महाराज ने बताया कि गीता भवन द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क होगा, जिसमें आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं गीता भवन की ओर से की जाएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य वैदिक संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को त्रिकाल संध्या, बलि-वैश्वदेव एवं वैदिक जीवन पद्धति का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 16 जून को बीकानेर से ऋषिकेश के लिए प्रस्थान होगा। 17 जून को साक्षात्कार एवं मुंडन संस्कार, 18 जून को दशविध स्नान एवं प्रायश्चित संकल्प, 19 जून को यज्ञोपवित धारण संस्कार तथा 20 जून को त्रिकाल संध्या एवं बलि-वैश्वदेव प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
श्यामसुंदर महाराज ने बताया कि जो बालक एवं व्यक्ति इस संस्कार में भाग लेना चाहते हैं, वे श्री मुरली मनोहर धोरा, उदयरामसर (बीकानेर) में संपर्क कर पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि माँ गंगा के पावन तट पर आयोजित यह संस्कार कार्यक्रम प्रतिभागियों के जीवन में आध्यात्मिक जागृति, अनुशासन एवं वैदिक संस्कारों के संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *