

मास्टर प्लान में संशोधन के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ ने खर्रा को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष अशोक सुराणा और राजीव शर्मा ने नगरीय विकास और स्वायत्त शासन विभाग मंत्री झाबर सिंह खर्रा को एक ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन के माध्यम से राजस्थान सरकार द्वारा जारी मास्टर प्लान में और अधिक सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई है।
ज्ञापन में संघ का कहना है कि यदि ‘विकास प्रोत्साहन एवं नियंत्रण उपविधियां’ अधिसूचना में जरूरी संशोधन किए जाएं, तो नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी चौमुखी विकास होगा। वाणिज्यिक गतिविधियों का विस्तार: वाणिज्यिक श्रेणी में पेट्रोल पंप, बैंक, मॉल, मल्टीप्लेक्स, रेस्टोरेंट, आईटी ऑफिस और मैरिज गार्डन जैसी गतिविधियों को भी अनुमति दी जाए, जिससे स्थानीय निगमों को भारी राजस्व मिलेगा। अनुमत श्रेणियों में रिसॉर्ट, मोटल और ट्रांसपोर्ट नगर में क्लीनिक, डायग्नोस्टिक सेंटर व लाइब्रेरी जैसी जनसुविधाओं को जोड़ने की मांग की गई है। ग्रामीण व परिधि क्षेत्रों में स्कूल, बी.एड/आईटीआई कॉलेज, कोचिंग सेंटर और बड़े अस्पतालों के साथ-साथ योग व डे-केयर सेंटर्स को भी अनुमति दी जाए। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, केंद्र व राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों की परिधि में इस विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भारी मजबूती मिलेगी।
